home page

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे की मांग पर सरकार सकारात्मक : प्रवीण दरेकर

 | 

मुंबई, 12 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रवीण दरेकर ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार मराठा नेता मनोज जरांगे की मांगों को लेकर सकारात्मक है। सरकार ने जरांगे की १५ से १२ मांगें मान ली है, बाकी मांगों पर भी विचार किया जा रहा है। दरेकर ने कहा कि मनोज जरांगे को अपना मुंबई मार्च स्थगित कर देना चाहिए।

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने 19 सितंबर से मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण दरेकर ने कहा कि मराठा समुदाय के मुद्दे अहम और गंभीर हैं। मराठा समुदाय राज्य का एक बड़ा समुदाय है और सरकार ने उनकी मांगों पर लगातार ध्यान दिया है। उन्होंने कहा, सरकार ने इस मामले में पूरा सहयोग किया है। इस मुद्दे पर चर्चा की गई है और कई मंत्री एवं नेता मौके पर जाकर मनोज जरांगे से मिले हैं। एक-दो मांगें कानून के दायरे में फंसी हुई हैं और सरकार उनका रास्ता निकालने की पूरी कोशिश कर रही है। दरेकर ने कहा कि सरकार ने मनोज जरांगे के साथ कई बार चर्चा की है और आगे भी बातचीत के लिए तैयार है।

प्रवीण दरेकर ने कहा कि मराठा समुदाय की मांगों को लेकर महायुति सरकार के सभी नेता समाज के साथ हैं। उन्होंने कहा, फडणवीस ने मराठा समुदाय के लिए उतना ही किया है, जितना सरकार ने किया है। चाहे एकनाथ शिंदे हों, अजित पवार हों या सुनेत्रा पवार, सरकार के सभी नेता इन मांगों को लेकर समाज के साथ हैं। सरकार अभी भी बातचीत के लिए तैयार है। दरेकर ने कहा कि किसी नेता या मंत्री के आंदोलनस्थल पर जाने से महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान होना है। उन्होंने कहा कि राधाकृष्ण विखे पाटील, उदय सामंत और प्रसाद लाड जैसे नेता मौके पर जाकर मनोज जरांगे से मिल चुके हैं।

मनोज जरांगे के मुंबई आने के फैसले पर दरेकर ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है। दरेकर ने कहा, मुंबई जाने का सबको अधिकार है। लोकतंत्र में प्रदर्शन करने का भी अधिकार है। सरकार किसी भी स्तर पर बातचीत के लिए तैयार है। मुंबई आने को लेकर सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। दरेकर ने कहा कि गणपति आस्था का त्योहार है और मुंबई में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आंदोलन की वजह से हिंदू त्योहार पर किसी तरह का असर न पड़े।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव