home page

सूखे की स्थिति का आकलन कर उचित निर्णय लेगी सरकार : नवनाथ बन

 | 

मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को कहा कि किसानों के मुद्दे पर महायुति सरकार सकारात्मक है। राज्य में सूखे की स्थिति का आकलन करने के बाद सरकार आवश्यक कदम उठाएगी और उचित निर्णय लेगी।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में नवनाथ बन ने कहा कि महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को लेकर शरद पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि शरद पवार वरिष्ठ नेता हैं और सरकार उनके सुझावों पर निश्चित रूप से विचार करेगी।

नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि शरद पवार के कार्यकाल में महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या का गंभीर संकट रहा था। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार ने किसानों की कर्जमाफी भी की है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पांच अक्टूबर के बाद राज्य की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र में सूखा घोषित करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में खेतों की मेड़ तक जाकर घोषणाएं की गईं, लेकिन किसानों को वास्तविक आर्थिक सहायता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कदम उठाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव