home page

मराठा समाज के प्रति राज्य सरकार सकारात्मक : फडणवीस

 | 
मराठा समाज के प्रति राज्य सरकार सकारात्मक : फडणवीस


मुंबई, 29 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मुंबई में कहा कि राज्य सरकार हमेशा मराठा समाज के प्रति सकारात्मक रही है। समाज की अगर कोई मांग होगी तो उसे बातचीत से सुलझा लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि जाति प्रमाण पत्र की मांग होने पर संबंधित व्यक्ति को दिया जाता है। अब तक जितने लोगों ने जाति प्रमाण पत्र मांगें, उनको दिया गया है, इस मामले में पेंडेंसी बहुत कम है। अगर कुछ प्रलंबित होंगे तो उन्हें भी जाति प्रमाण पत्र दिया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मराठा समाज के लिए राज्य सरकार ने जितना निर्णय लिया है, उतना किसी भी सरकार ने नहीं लिया था। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मराठा समाज के लिए ,लिए गए निर्णयों का सही तरीके से क्रियान्वयन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतना होते हुए भी अगर कहीं किसी वजह से नाराजगी होगी तो उसे चर्चा के माध्यम से दूर कर लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आज मराठा नेता मनोज जारांगे ने कहा था कि मराठा समाज के लोगों को कुनबी समाज का रिकॉर्ड मिलने के बाद भी ओबीसी जाति का प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। साथ ही आश्वासन के बाद भी मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले युवकों पर दर्ज मामले वापस नहीं लिए जा रहे हैं। इसी वजह से वे २९ जुलाई से इन सभी मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ निर्णायक आंदोलन करेंगे। मनोज जारांगे की इस मांग पर राज्य सरकार ने सकारात्मक रवैया अपनाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव