मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान का आयोजन 22 जुलाई को
मुंबई, 17 जुलाई (हि.स.)। मुंबई शहर जिला अधिकारी कार्यालय की ओर से 22 जुलाई को सुबह 11 बजे मुंबई शहर जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान का आयोजन किया जाएगा।
मुंबई जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार 179-सायन-कोलीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए समाज मंदिर हॉल, सरदार नगर नं. 1, महानगरपालिका स्कूल के सामने, सायन , मुंबई-400022 में, 181-माहिम विधानसभा क्षेत्र के लिए रवींद्र नाट्य मंदिर, सिद्धिविनायक मंदिर के पास, सयानी रोड, प्रभादेवी, मुंबई-400025 में तथा 185-मालाबार हिल विधानसभा क्षेत्र के लिए शारदा मंदिर हाई स्कूल, ग्राउंड फ्लोर, शारदा मंदिर हॉल, शिवतापी बिल्डिंग के पास, जे.के. टॉवर के सामने, गोरेगावकर मार्ग, गावदेवी, मुंबई-400007 में शिविर आयोजित किया जाएगा।
राज्य सरकार ने राजस्व विभाग को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और गतिशील बनाने के लिए कई निर्णय लिए हैं। इन निर्णयों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के जन्मदिन और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित पवार की जयंती के अवसर पर राज्य में 22 जुलाई, 2026 से 2 अगस्त, 2026 के बीच किसी एक दिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर अभियान आयोजित करने को मंजूरी दी गई है।
मुंबई शहर जिले के आम नागरिकों को राजस्व विभाग की तरफ से विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों तथा स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्रदान की जाने वाली सेवाएं, जैसे विभिन्न प्रमाणपत्र, नए मतदाताओं का पंजीकरण, संजय गांधी निराधार योजना अनुदान, श्रावणबाल सेवा राज्य पेंशन योजना अनुदान, राशन कार्ड संबंधी सेवाएं, मत्स्य विभाग की विभिन्न सेवाएं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र, खेल विभाग की योजनाओं सहित अन्य सेवाएं भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इन योजनाओं और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

