बैंक सिर्फ ऋणदाता नहीं, देश निर्माण में अहम भागीदार : राज्यपाल
मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि बैंक और वित्तीय संस्थान केवल ऋण और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। बचत को प्रोत्साहित करने, उद्योगों को सहयोग देने और बुनियादी ढांचे के लिए वित्त उपलब्ध कराने के माध्यम से ये संस्थान रोजगार सृजन, नवाचार और समावेशी विकास में योगदान देते हैं।
राज्यपाल वर्मा आज मुंबई के वर्ली स्थित होटल फोर सीजन्स में एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) द्वारा आयोजित बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र के ऋणदाताओं के 21वें वार्षिक सम्मेलन और पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से भारत ने वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिक औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़े हैं। आधार आधारित सेवाओं, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और यूपीआई ने वित्तीय सेवाओं की पहुंच और वितरण के तरीके में बड़ा बदलाव किया है। इससे लेनदेन अधिक आसान, पारदर्शी और प्रभावी हुए हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वित्तीय समावेशन का दायरा केवल बैंक खाते खोलने और डिजिटल भुगतान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गरीबों, ग्रामीण परिवारों और छोटे उद्यमियों को किफायती ऋण, बीमा, पेंशन और अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने वैश्विक अनिश्चितताओं, ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव, ऋण जोखिम और तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे दौर में वित्तीय क्षेत्र में जोखिम प्रबंधन और प्रभावी सुरक्षा उपाय पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में प्रमुख बैंक, वित्तीय संस्थान, स्टॉक एक्सचेंज, बीमा कंपनियां, फिल्म उद्योग और पूंजी बाजार से जुड़े संस्थान स्थित हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय संस्थान औद्योगिक गलियारों, परिवहन नेटवर्क, शहरी बुनियादी ढांचे, लघु उद्योगों और उभरते क्षेत्रों को वित्तीय सहायता देकर राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस कार्यक्रम में एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा, महासचिव सौरभ सान्याल, एसोचैम की नेशनल काउंसिल ऑन बैंकिंग के सह-अध्यक्ष तथा भारत में बैंक ऑफ बहरीन एंड कुवैत के कंट्री हेड एवं सीईओ माधव नायर, गवर्नर के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवारे और एसोचैम की नेशनल बैंकिंग काउंसिल के सह-अध्यक्ष एवं यस बैंक के कार्यकारी निदेशक मनीष जैन सहित नीति-निर्माता, नियामक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र के कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

