युवा बनें टीबी जागरूकता के दूत, सामाजिक बदलाव की पहल करें : राज्यपाल
मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने बुधवार को युवाओं से टीबी (क्षय रोग) के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी केवल बीमारी नहीं, बल्कि एक सामाजिक चुनौती भी है। इसके उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी जरूरी है।
राज्यपाल बुधवार को अंधेरी पश्चिम स्थित भवन्स कॉलेज में मुंबई विश्वविद्यालय, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और भवन्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टीबी-फ्री मुंबई जनजागृति पदयात्रा’ में शामिल हुए। इसके बाद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश का भविष्य केवल सरकारी दफ्तरों में नहीं, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों, प्रयोगशालाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से तैयार हो रहा है। युवाओं को अपने करियर के साथ एक संवेदनशील और मजबूत समाज के निर्माण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है, लेकिन जागरूकता की कमी और सामाजिक बदनामी के डर से कई मरीज अपनी बीमारी छिपाते हैं। समय पर जांच, नियमित दवा और पूरा इलाज सुनिश्चित करने के लिए जनजागरूकता जरूरी है। उन्होंने लोगों से सरकार की ओर से उपलब्ध जांच, उपचार और पोषण संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने परिवार, कॉलेज और आसपास के समाज में टीबी के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाना चाहिए। उन्होंने घबराएं नहीं, जांच कराएं, इलाज कराएं और स्वस्थ जीवन जिएं का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक और बढ़ते स्क्रीन टाइम जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया। कहा कि 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव रखने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्रांति का अर्थ सकारात्मक बदलाव है। एक व्यक्ति का जीवन बदलना भी छोटे बदलाव की शुरुआत है और ऐसे प्रयास बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बनते हैं।
इस कार्यक्रम में मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रवींद्र कुलकर्णी, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अजय भामरे, रजिस्ट्रार डॉ. प्रसाद करंडे, भवन्स कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन एडवोकेट आसिफ मुल्ला, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सविता पवार, मेघश्रेया फाउंडेशन की संस्थापक सीमा सिंह सहित शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थी मौजूद थे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

