टीबी मुक्त मुंबई के लिए जनजागरूकता बढ़ाने की जरूरत : राज्यपाल
मुंबई, 11 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने शुक्रवार को कुर्ला में कहा कि टीबी मुक्त मुंबई के लिए जनजागरुकता बढ़ाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र और आसपास की आबादी करीब दो करोड़ है। अधिक जनसंख्या घनत्व के कारण सार्वजनिक स्थानों और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भारी दबाव रहता है। ऐसे में टीबी जैसी संक्रामक बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर जनजागरूकता, समय पर जांच और पूरा उपचार बेहद जरूरी है।
राज्यपाल की पहल और विभिन्न संगठनों के सहयोग से ‘टीबी मुक्त मुंबई’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत शुक्रवार को अन्ना लीला कॉलेज, अंसारी नगर, कुर्ला के विद्यार्थियों के लिए राज्यपाल की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज के करीब 1,200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘टीबी मुक्त भारत पोर्टल’ का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों को टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने कहा कि टीबी केवल स्वास्थ्य समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक चुनौती भी है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की मदद से टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है। यदि बीमारी का समय पर पता चल जाए और मरीज डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित रूप से पूरा उपचार करे, तो वह पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी को लेकर समाज में अभी भी कई गलतफहमियां और अनावश्यक डर मौजूद हैं। सामाजिक कलंक के भय से कई लोग समय पर जांच नहीं करवाते या इलाज बीच में ही छोड़ देते हैं। इससे मरीज के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है और संक्रमण के दूसरे लोगों तक फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए टीबी मरीजों के साथ बिना किसी भेदभाव के संवेदनशीलता, सहयोग और सम्मान का व्यवहार किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि मुंबई की बड़ी आबादी को देखते हुए झुग्गी-बस्तियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। टीबी के प्रसार को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका समय पर जानकारी, जांच और उपचार है।
कार्यक्रम में मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रवींद्र कुलकर्णी, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. अजय भामरे, बंट संघ शिक्षण संस्था के उपाध्यक्ष विश्वनाथ शेट्टी, मुंबई विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रसाद करंडे, अन्ना लीला कॉलेज के प्राचार्य हिरेन दंड और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

