राज्यपाल ने सुषमा स्वराज पर आधारित पुस्तक के हिंदी संस्करण का विमोचन किया
मुंबई, 07 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शुक्रवार को मुंबई स्थित लोकभवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के जीवन पर आधारित पुस्तक 'अग्निशिखा सुषमा स्वराज' के हिंदी संस्करण का विमोचन किया।
यह पुस्तक मूल रूप से डॉ. मेधा सोमैया ने मराठी में लिखी है, जबकि इसका हिंदी अनुवाद अमरजीत मिश्रा ने किया है। राज्यपाल ने पुस्तक की पहली प्रति का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने सुषमा स्वराज को बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे और गौरवशाली राजनीतिक जीवन में जिस भी दायित्व का निर्वहन किया, उस पर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान, प्रभावशाली नेतृत्व, उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद किरीट सोमैया, पार्षद नील सोमैया, मुंबई के पूर्व उपमहापौर अरुण देव तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

