home page

युवा नशामुक्त भारत के राजदूत बनते हुए जनजागृति पर जोर दें : राज्यपाल

 | 
युवा नशामुक्त भारत के राजदूत बनते हुए जनजागृति पर जोर दें : राज्यपाल


- मुंबई से गुजरात के लिए रवाना हुई ‘नशामुक्त भारत-फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली

मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शनिवार को मुंबई में युवाओं को नशामुक्त भारत का राजदूत बनने और जनजागृति और पुनर्वास पर जोर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे की लत समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती है। मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ-साथ उनकी मांग कम करने के लिए जनजागृति, रोकथाम और पुनर्वास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस की पृष्ठभूमि में मुंबई के नरीमन पॉइंट पर आयोजित ‘नशामुक्त भारत-फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रैली को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए रवाना किया।

राज्यपाल वर्मा ने कहा कि मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए उनकी आपूर्ति रोकने के साथ-साथ मांग कम करने पर भी ध्यान देना होगा। तस्करी पर अंकुश लगाना, तस्करों और विक्रेताओं की पहचान करना तथा उनके खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। वहीं, मादक पदार्थों की मांग कम करने के लिए पूरे समाज की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनजागृति, निवारक उपाय, पुनर्वास और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को सहयोग देना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। राज्यपाल ने मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

राज्यपाल ने बताया कि विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति के रूप में महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ‘नशामुक्त भारत अभियान’ शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य शैक्षणिक परिसरों को मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से मुक्त रखना है। राज्य आरक्षित पुलिस बल के अपर पुलिस महानिदेशक राजकुमार व्हटकर ने प्रास्ताविक में बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकतानगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने राष्ट्रीय एकता परेड आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘नशामुक्त भारत’ की संकल्पना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस बलों के मोटरसाइकिल सवार अपनी-अपनी राज्य राजधानियों से इस पहल में शामिल हुए हैं। रैली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी और जवान भी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न शहरों और गांवों में जनजागृति करते हुए यह रैली गुजरात पहुंचेगी।

इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, महापौर ऋतु तावड़े, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे और राज्य आरक्षित पुलिस बल के अपर पुलिस महानिदेशक राजकुमार व्हटकर सहित विभिन्न राज्यों के पुलिस अधिकारी, जवान और विद्यार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव