home page

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का गौरव: जिष्णु देव वर्मा

 | 

मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने लोक भवन में शुक्रवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का हर भारतीय के दिल में विशेष स्थान है। ये क्षेत्र भारत का गौरव और देश का ताज हैं।

राज्यपाल वर्मा आज लोक भवन में आयोजित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्र सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत आयोजित इस समारोह में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत का उत्सव मनाया गया। इन दोनों केंद्रशासित प्रदेशों का स्थापना दिवस 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। हालांकि, राष्ट्रपति के नासिक दौरे के मद्देनजर समारोह एक दिन पहले आयोजित किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पर्वत, खूबसूरत घाटियां, झीलें और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोग अपनी आत्मीयता और मेहमाननवाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि वहां के हस्तशिल्प और कलाकृतियां विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। लद्दाख भी अपनी विशिष्ट पहचान के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और वहां की यात्रा करना अनेक लोगों का सपना है।

राज्यपाल ने अपनी जड़ों से जुड़े रहने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, उसे अपने मूल स्थान और संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। जिस प्रकार पेड़ की जड़ें उसे पोषण देती हैं, उसी तरह अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव व्यक्ति और समाज को समृद्ध बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं के बारे में जानने तथा अपने मूल राज्यों का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, जहां दिल है, वही घर है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. एजाज अशाई, वरुणा आनंद, डॉ. एच. आर. रहमान, वैज्ञानिक प्रो. डॉ. ममीदाना श्रीधर, कृपानिधि बिस्वाल, अभिनेत्री एवं लेखिका लेस्ली त्रिपाठी, आर्थिक विश्लेषक डॉ. दत्तात्रेय श्रीपति काटे, प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नीरज जसवंत शाह, प्राचार्य संगीता ठाकुर, अभिनेता तेज सप्रू, अभिनेत्री-निर्देशक प्रीति सप्रू, अभिनेता मुकेश ऋषि, राहुल भट, अश्वथ भट और थिएटर निर्देशक मुस्कान गोस्वामी शामिल थे।

राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवारे, जीएचआरटी इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं सीईओ डॉ. एच. आर. रहमान, आईआईटी मुंबई के उपनिदेशक प्रो. मिलिंद अत्रे, बृहन्मुंबई महानगरपालिका की शिक्षा समिति की अध्यक्ष राजश्री शिरवाडकर, पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। महाराष्ट्र के दौरे पर आए ‘युवा संगम-7’ के प्रतिभागियों, जम्मू-कश्मीर डोगरा सोसाइटी और कश्मीरी पंडित एसोसिएशन के सदस्यों, कलाकारों, विद्यार्थियों तथा जम्मू-कश्मीर से आए अतिथियों ने भी समारोह में भाग लिया।

समारोह में डोगरा समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष कृष्ण पंडित एवं सलाहकार निधि डोगरा, कश्मीरी पंडित एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी भट, ट्रस्टी राजेश शाह एवं सचिव अजय धर सहित बीएमसी स्कूलों के शिक्षक और विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव