आज़ादी के मूल्यों को मजबूत कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें:राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा
मुंबई, 15 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शनिवार को पुणे में कहा कि आज़ादी के मूल्यों को मजबूत कर विकसित भारत के निर्माण में सभी को योगदान करना चाहिए।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शनिवार को पुणे के विधान भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि आज़ादी केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ नागरिकों की जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से संविधान में निहित समानता, भाईचारे और न्याय जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
राज्यपाल ने कहा कि भारत विकास के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महाराष्ट्र की अहम भूमिका होगी। उन्होंने शिक्षा, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, उद्योग, कृषि और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आधुनिक कौशल हासिल करने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि भारत के प्रमुख शिक्षा और ज्ञान केंद्रों में पुणे का महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से यह शहर नए भारत के निर्माण की गति को और तेज कर सकता है। विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों, उद्योगों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों से विकास के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करने, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का भी दिन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

