home page

राज्यपाल ने अनंत कान्हेरे पर आधारित पुस्तक का किया लोकार्पण

 | 

मुंबई, 06 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने गुरुवार को लोकभवन में क्रांतिकारी अनंत कान्हेरे के जीवन और योगदान पर आधारित अंग्रेज़ी पुस्तक ‘अनंत कान्हेरे -द बुलेट दैट अवोक भारत’ का लोकार्पण किया। यह पुस्तक प्रो. डॉ. म. बा. कुलकर्णी द्वारा लिखित अनंत कान्हेरे पर आधारित मूल मराठी पुस्तक का अंग्रेज़ी अनुवाद है। पुस्तक का अनुवाद चिन्मय खेडेकर ने किया है।

राज्यपाल वर्मा ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में सत्याग्रह आंदोलन के साथ-साथ क्रांतिकारी राष्ट्रवाद की भी एक सशक्त धारा रही है, लेकिन अनेक क्रांतिकारियों के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे अल्पज्ञात क्रांतिकारियों के जीवन, कार्य और बलिदान का दस्तावेजीकरण स्वतंत्र लघु पुस्तकों की श्रृंखला के माध्यम से किया जाए, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम के विविध आयामों को समझ सके।

उन्होंने यह भी कहा कि क्रांतिकारियों पर आधारित पुस्तकों का मराठी, हिंदी और अंग्रेज़ी सहित विभिन्न भाषाओं में अनुवाद किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, अनुवाद भाषाओं और क्षेत्रों के बीच सेतु का कार्य करता है और इससे राष्ट्रनायकों की प्रेरणादायी गाथाएँ देशभर के लोगों तक पहुँच सकती हैं।

लोकार्पण समारोह में डॉ. गिरीश आफले, जयेश क्षेमकल्याणी, अनुवादक चिन्मय खेडेकर, रवींद्र संघवी तथा अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव