आठ छात्रों की डूबने से मौत मामले में अकादमी की भूमिका पर उठे सवाल, मंत्री बोले- जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। रायगढ़ में घूमने आए पुणे के आळंदी स्थित विनर्स अकादमी के आठ छात्रों की डूबने से मौत होने के बाद अकादमी की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। हादसे पर आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने दुख जताते हुए कहा कि छात्रों को गहरे पानी में जाने की अनुमति क्यों दी गई, इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
गिरीश महाजन ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अलंदी से छात्रों और शिक्षकों का दल रायगढ़ घूमने आया था। समुद्र तट पर पानी में उतरने के दौरान अचानक जलस्तर बढऩे से आठ लोग डूब गए। सभी आठ शवों को बरामद कर लिया गया है। महाजन ने बताया कि उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट और एसीपी से घटना को लेकर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और अकादमी की जिम्मेदारी भी तय होगी। महाजन ने मृत छात्रों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूलों और संस्थानों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। पुणे जिले के सहायक पुलिस आयुक्त योगेश रांजणगांवकर ने बताया कि आज तडक़े आलंदी में स्थित विनर्स अकादमी के छात्रों और शिक्षकों का दल पिकनिक के लिए रायगढ़ जिले में गया था। पुलिस टीम विनर्स अकादमी के बारे में छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

