भरत गोगावले को रायगढ़ और गिरीश महाजन नासिक जिले के संरक्षक मंत्री नियुक्त
मुंबई, 17 अगस्त, (हि.स.)। शिवसेना शिंदे समूह के मंत्री भरत गोगावले को सोमवार को रायगढ़ जिले और भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री गिरीश महाजन को नासिक जिले के संरक्षक मंत्री पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सिफारिश के बाद राज्यपाल जिष्णुदेव ने की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार आज नासिक और रायगढ़ जिले के संरक्षक मंत्री पद पर क्रमश: गिरीश महाजन और भरत गोगावले को नियुक्त किया गया है। यह दोनों पद पिछले डेढ़ साल से रिक्त थे।
महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना शिंदे समूह और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एपी ग्रुप महायुति की सरकार बनने के बाद संरक्षक मंत्रियों की लिस्ट जारी की गई थी। उस समय नासिक की जिम्मेदारी गिरीश महाजन, जबकि रायगढ़ की जिम्मेदारी राकांपा एपी की अदिति तटकरे को सौंपी गई थी। लेकिन इस फैसले पर शिवसेना शिंदे गुट ने कड़ी नाराजगी जताई थी। मंत्री भरत गोगावले रायगढ़ के लिए अड़े हुए थे, जबकि नासिक के संरक्षक मंत्री पद के लिए शिवसेना के मंत्री दादा भुसे के नाम पर भी चर्चा हुई थी। महायुति के घटक दलों के बीच मतभेद बढऩे के बाद, सरकार ने नासिक और रायगढ़ के लिए संरक्षक मंत्री की नियुक्ति रोक दी थी। इसके बाद आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सिफारिश के दोनों जिलों के संरक्षक मंत्री के नाम की घोषणा की गई है।
भरत गोगावले शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और महाड विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह 2009 से लगातार महाड विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। महायुति सरकार में वह मंत्री हैं और राज्य की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। इसी तरह गिरीश महाजन जलगांव जिले की जामनेर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रह चुके हैं। वह महायुति सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और बीजेपी में संकटमोचक नेता के तौर पर उनकी पहचान है। इससे पहले वह जल संसाधन और चिकित्सा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
नासिक का पालकमंत्री बनाए जाने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरीश महाजन ने कहा कि उन्हें यह जानकारी पंढरपुर में दर्शन के दौरान मिली। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी और क्षेत्र के करीब 15 से 16 हजार श्रद्धालुओं के साथ पंढरपुर दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें धीरे से बताया कि उन्हें नासिक का पालकमंत्री बनाया गया है। महाजन ने कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने नासिक के विकास को लेकर कहा कि शहर और जिले की तस्वीर बदलने के लिए काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

