home page

मुंबई में टैंकर की बेस्ट बस से टक्कर, दो महिलाओं समेत चार यात्री घायल

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के घाटकोपर स्थित छेड़ानगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बुधवार को एक टैंकर की बेस्ट बस से टक्कर हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत चार यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, बेस्ट की बस वैशाली नगर से माहुल की ओर जा रही थी। छेड़ानगर सिग्नल के पास अचानक एक मोटरसाइकिल सवार बस के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए बस चालक को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान मुंबई से नवी मुंबई के वाशी की ओर जा रहा एक टैंकर बस के दाहिने हिस्से से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की दाईं ओर की तीन खिड़कियों के शीशे टूट गए। कांच के टुकड़े लगने से चार यात्री घायल हो गए। घायलों में महिला यात्री भाग्यश्री खेडकर और अदिति कोयंडे के अलावा दो पुरुष यात्री शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव