मुंबई में 40 लाख रुपये के 451 गैस सिलेंडर और सामान ज़ब्त
मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई में राशन डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के फ्लाइंग स्क्वॉड ने दक्षिण मुंबई वाडीबंदर इलाके में अवैध रुप से रखे गए 40 लाख रुपये के 451 गैस सिलेंडर और सामान ज़ब्त किया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
राशन डिस्ट्रीब्यूशन डिपार्टमेंट के नियंत्रक चंद्रकांत शिंदे ने शुक्रवार को बताया कि उनके विभाग को वाडीबंदर इलाके में पुल के नीचे अवैध तरीके गैस सिलेंडर रखे जाने और वहां से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इस जानकारी के आधार पर गुरुवार को वाडीबंदर इलाके में छापा मारा गया। इस ऑपरेशन में, डोंगरी इलाके के वाडी बंदर ब्रिज के नीचे गैर-कानूनी गैस सिलेंडर से लदी 8 गाडिय़ों को ज़ब्त किया गया है, जिनमें कुल 40,61,716 रुपये के 451 सिलेंडर शामिल हैं। शिंदे ने कहा कि लोग गैस सिलेंडर की कमी की अफवाहों पर विश्वास न करें, गैस सिलेंडर मांग के अनुसार उपलब्ध हैं। इससे गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लग सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

