गढ़चिरौली में स्टीयरिंग लॉक होने से यात्री बस पलटी, 60 यात्री घायल
गढ़चिरौली, 18 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में गढ़चिरौली-चामोर्शी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवनी गांव के पास शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्टीयरिंग लॉक होने से एक यात्री बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 60 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गढ़चिरौली पुलिस के अनुसार, निजी बस गढ़चिरौली-पोटेगांव-शिवनी-गुरवाला मार्ग पर पोटेगांव की ओर जा रही थी। शिवनी गांव के पास पुल पार करने के बाद अचानक बस का स्टीयरिंग लॉक हो गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गढ़चिरौली थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक डॉ. मिलिंद नरोटे और कांग्रेस जिला अध्यक्ष महेंद्र ब्राह्मणवाडे भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घायलों में चालक रूपचंद शेडमाके (40), कंडक्टर तुलसीराम तुराले (54), सुचिता मेश्राम (37), पवन जराटे (20), लमेश गेडाम (22), वसंत देउदापल्लीवार (65), लीलाबाई देउदापल्लीवार (64), उंद्रू गेडाम (75), भाग्यश्री सुरपम (22), सलोनी रामटेके (35), बाबूराव भायर (65), गोविंदा नगराले (42) और मुरलीधर शेंडे (71) की पहचान हो चुकी है। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

