home page

भूलेश्वर में भगवान गणेश की 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल

 | 
भूलेश्वर में भगवान गणेश की 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल


मुंबई, 23 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के भूलेश्वर इलाके में बीती रात भूलेश्वर के राजा नामक सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की 22 फ़ीट ऊंची और 2 टन वजऩी भगवान गणेश की प्रतिमा अचानक गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में 5 और 7 साल की दो लड़कियां भी शामिल हैं। इस घटना की छानबीन वीपी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि भूलेश्वर इलाके के मशहूर भूलेश्वर के राजा नामक सार्वजनिक गणेशोत्सव की 22 फ़ीट ऊंची और 2 टन वजऩी भगवान गणेश की प्रतिमा को बीती रात भक्तगण नाचते गाते मंडल की ओर ले जा रहे थे। प्रतिमा को एक खास तौर पर बनाए गए प्लेटफ़ॉर्म पर बांधा गया था, लेकिन स्टील फ्रेम की वेल्डिंग अचानक टूट गई, जिससे प्रतिमा जुलूस में शामिल भीड़ पर गिर गई। इस घटना में कुल सात लोग घायल हो गए थे।

इनमें मंडल के अध्यक्ष संकेत नेवासे को गिरगांव स्थित रिलायंस अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने नेवासे को मृत घोषित कर दिया। इसी तरह इस घटना में घायल बृजेश जोशी को जीटी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जोशी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। घायलों में से तीन को जेजे अस्पताल और दो अन्य को जीटी अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। भूलेश्वर के राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के एक पदाधिकारी ने बताया कि गिरी हुई प्रतिमा का विसर्जन आज रात में ही कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव