मुंबई में डेढ़ दिन में 2,889 गणेश मूर्तियों का विसर्जन
मुंबई, 15 सितंबर (हि.स)। मुंबई शहर के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर मंगलवार को शाम तक डेढ़ दिन में कुल 2,889 गणेश और हरतालिका मूर्तियों का विसर्जन किया गया। इनमें 2,834 घरेलू गणेश मूर्तियां, 25 सार्वजनिक गणेश मंडलों की मूर्तियां और 30 हरतालिका मूर्तियां शामिल हैं।
मुंबई नगर निगम के प्रवक्ता ने आज बताया कि शहर के विभिन्न प्राकृतिक विसर्जन स्थलों और कृत्रिम तालाबों पर भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। विसर्जन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मुंबई के विभिन्न इलाकों में भक्तों ने जुलूस निकालकर गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया। संभावित भीड़ को देखते हुए मुंबई नगर निगम और मुंबई पुलिस ने विसर्जन स्थलों के साथ-साथ प्रमुख जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के इंतज़ाम किए हैं।
गणेश मूर्तियों के विसर्जन का दिन स्थानीय और पारिवारिक परंपराओं के आधार पर अलग-अलग होता है। कुछ परिवार डेढ़ दिन बाद विसर्जन करते हैं, जबकि कई भक्त पांचवें, सातवें या अन्य निर्धारित दिनों पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन करते हैं। इस वजह से आने वाले दिनों में विसर्जन की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मुंबई नगर निगम ने भीड़ बढऩे की स्थिति को देखते हुए विसर्जन स्थलों पर निगरानी और व्यवस्थाएं बनाए रखने की तैयारी की है। इस वर्ष गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। अंतिम विसर्जन दिवस पर मुंबई में बड़ी संख्या में भक्त जुलूसों में शामिल होंगे। इसके मद्देनजर नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने प्राकृतिक जलाशयों के साथ कृत्रिम विसर्जन तालाबों पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। गणेशोत्सव के दौरान शहरभर में घरों और सार्वजनिक मंडलों में पूजा-अर्चना तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी हैं। अलग-अलग दिनों में विसर्जन करने वाले भक्तों के कारण आने वाले दिनों में मुंबई के प्रमुख विसर्जन स्थलों पर भीड़ बढऩे की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

