छत्रपति संभाजीनगर में अरंडी के बीज खाने से 23 छात्र बीमार, इलाज जारी
मुंबई, 17 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के एक मदरसे में अरंडी के बीज खाने से 23 छात्र बीमार पड़ गए। इन सभी छात्रों को बीती रात तत्काल कन्नड़ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच छात्रों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस मामले की छानबीन कन्नड पुलिस कर रही है।
कन्नड ग्रामीण अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण पवार ने शनिवार को बताया कि बीती रात अस्पताल में छत्रपति संभाजीनगर जिले के
के 23 छात्रों को फूड प्वाइजनिंग की वजह से लाया गया था। इनमें से पांच को आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य छात्रों का इलाज जनरल वार्ड में हो रहा है। इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को छत्रपति संभाजीनगर जिले के कन्नड. शहर के हिवरखेडा रोड स्थित मदरसे में एक छात्र ने अरंडी के बीजों को बादाम समझकर खा लिया। उसे देखकर अन्य छात्रों ने भी बीज खा लिए। इसके बाद रात में छात्रों को मितली और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी छात्रों को तत्काल कन्नड़ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छात्रों का इलाज जारी है। इस घटना की छानबीन की जा रही है। बीमार छात्रों में की उम्र 10 से 16 वर्ष की बीच है और डॉक्टरों की निगरानी में सभी छात्रों का उपचार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

