मुंबई में एक ही परिवार चार लोगों की संदिग्ध मौत, बिरयानी के बाद खाया था तरबूज
मुंबई, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार चारों ने रात को बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था। मृतकों में दो बच्चियां शामिल हैं। जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पायधुनी इलाके में घाटी गली स्थित मुगल बिल्डिंग में रहने वाले अब्दुल्ला डोकाडिया के घर पर २५ अप्रैल को पार्टी थी। इस पार्टी में बाहर के पांच लोग शामिल हुए थे। पांचों मेहमान जब भोजन कर घर से चले गए तो घर के लोगों ने देर रात करीब एक बजे के बाद भोजन किया। इस भोजन में चिकन बिरयानी बनाई गई थी। चिकन बिरयानी खाने के बाद चारों ने तरबूज खाया। इसके बाद इन चारों की तबीयत बिगड़ने लगी और इन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इन चारों की रविवार को देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी बेटियां जैनब (13) और आयशा (16) के रूप में हुई है।
शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही असली कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

