home page

चंद्रपुर जिले के आश्रम स्कूल में फूड पॉइज़निंग से 29 छात्र बीमार

 | 

मुंबई, 01 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के जिवती तहसील के नागराला स्थित श्रीअमरु नाइक माध्यमिक आश्रम स्कूल में मंगलवार को दोपहर में भोजन करने के बाद 29 छात्र फूड प्वाईजननिंग से बीमार हो गए। इसके बाद सभी बीमार छात्रों को राजुरा शासकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल में बीमार छात्रों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना की छानबीन चंद्रपुर पुलिस कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार आज दोपहर छात्रों का खाना बनाते समय भोजन में एक छछूंदर गिर गई थी। लेकिन इसका ध्यान नहीं दिया गया और वही वही खाना छात्रों को परोस दिया गया। खाना खाने के बाद छात्रों को जी मिचलाने, उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। इसके बाद सभी बीमार छात्रों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आश्रम स्कूल की रसोई से सैंपल लेकर प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। इसके साथ ही स्कूल के रसोईया और पिंसिपल से भी पूछताछ की जा रही है। भोजन के सैंपल की जांच के बाद ही छात्रों की तबीयत बिगडऩे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव