महाराष्ट्र में फ्लैट मालिकों को मिलेगा अलग ‘वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड’, सरकार ने जारी किया मसौदा
मुंबई, 27 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार राज्य की मंजूर और अधिकृत इमारतों के प्रत्येक फ्लैट को अलग पहचान और स्वतंत्र अधिकार अभिलेख देने के लिए ‘वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड’ प्रणाली लागू करने जा रही है। राजस्व विभाग ने 26 नवंबर को इसका प्रारूप सरकारी राजपत्र में प्रकाशित कर दिया है। मसौदे पर 30 दिनों तक नागरिकों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद दो महीने के भीतर अंतिम नियमावली तैयार की जाएगी। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मुंबई में यह जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल से राज्य के करीब सात करोड़ नागरिकों के संपत्ति अधिकारों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर राज्यमंत्री योगेश कदम और सहसचिव संजय बनकर भी उपस्थित थे।
राजस्व मंत्री ने बताया कि अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में सातबारा और शहरी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध है, लेकिन इमारतों के व्यक्तिगत फ्लैटों को अलग राजस्व पहचान नहीं मिलती। इस कमी को दूर करने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत केवल सक्षम प्राधिकरण से मंजूर नक्शे और पंजीकृत अधिकार दस्तावेज वाली अधिकृत इमारतों के फ्लैटों को ही प्रॉपर्टी कार्ड मिलेगा। अनधिकृत निर्माणों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। शहरी क्षेत्रों में डी-1 प्रारूप में भूखंड, इमारत और साझा क्षेत्र का विवरण होगा, जबकि डी-2 प्रारूप में प्रत्येक फ्लैट की अलग जानकारी दर्ज की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इसके लिए 1-अ और 1-ब प्रारूप निर्धारित किए गए हैं।
प्रॉपर्टी कार्ड में फ्लैट नंबर, मालिक का नाम, स्वीकृत क्षेत्रफल, विशिष्ट पहचान संख्या और संपत्ति पर मौजूद अधिकार एवं देनदारियों का विवरण होगा। बैंक लोन, प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, सोसायटी की देनदारी और न्यायालयीन प्रतिबंधों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। जमीन मालिक, डेवलपर, प्रमोटर, फ्लैट मालिक या हाउसिंग सोसायटी का अधिकृत प्रतिनिधि इसके लिए आवेदन कर सकेगा। सोसायटी सामूहिक आवेदन भी कर सकती है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और मंजूरी के बाद डिजिटल हस्ताक्षर वाला प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
इस प्रणाली के तहत पंजीकरण एवं मुद्रांक विभाग, सहकार विभाग, स्थानीय निकायों, महारेरा और भूमि अभिलेख विभाग के डिजिटल सिस्टम को आपस में जोड़ा जाएगा। इमारत के पुनर्विकास या पुनर्निर्माण के बाद नए स्वीकृत नक्शे के अनुसार अभिलेख तैयार किए जाएंगे। राजस्व मंत्री के अनुसार, इस व्यवस्था से फ्लैट के मालिकाना हक की जांच, खरीद-बिक्री और बैंक ऋण की प्रक्रिया आसान होगी। संपत्ति से जुड़ी देनदारियों में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा धोखाधड़ी और विवाद कम करने में मदद मिलेगी। यह सुविधा ऐच्छिक होगी और सेवा शुल्क पर सरकार अलग से निर्णय लेगी।
प्रारूप अधिसूचना https://rfd.maharashtra.gov.in/ और https://bhumiabhilekh.maharashtra.gov.in/ इन सरकारी वेबसाइटों पर उपलब्ध होगी।
इसके अलावा तहसील, उप-पंजीयक, भूमि अभिलेख कार्यालय, नगर सर्वेक्षण कार्यालय और ग्राम पंचायतों में भी मसौदा प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिक निर्धारित 30 दिनों के भीतर अपने सुझाव और आपत्तियां सरकार को भेज सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी

