ठाणे जिले के मुंब्रा में फायरिंग, एक की मौत
मुंबई, 02 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में स्थित कैलास नगर में गुरुवार को मामूली विवाद के चलते एक शख्स ने तीन लोगों पर देशी पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। इस घटना में मुंब्रा पुलिस ने आरोपित जयन शिवानंदन नायर (51) को गिरफ़्तार किया है।
मुंब्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि आज दोपहर में फायरिंग की यह घटना कैलाश नगर में स्थित सुमनताई हिंदी स्कूल के पीछे बिस्मिल्लाह चाल के पास हुई, जहाँ आरोपी रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इस घटना में घायल अब्दुल शेख, अकबर अहमद और समीर शेख को तत्काल कालसेकर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने अकबर को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपित नायर को घटनास्थल से ही गिरफ़्तार कर लिया । पुलिस ने उसके पास से देशी पिस्तौल ज़ब्त कर लिया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
अनिल शिंदे ने बताया कि अब तक छानबीन में पता चला है कि आरोपित बिस्मिल्लाह चाल में रहने वाली एक महिला को बहन मानता था। जबकि यह तीनों उस महिला के साथ छेड़छाड़ करते थे। यह बात उस महिला ने आरोपित को बताया था। आज फिर इन तीनों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की , इसके बाद आरोपित ने अपने घर से देशी पिस्तौल लाकर तीनों पर फायरिंग कर दिया था। फिलहाल पुलिस इस मामले में देशी पिस्तौल लाने के श्रोत सहित हर ऐंगल से मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

