home page

विरार के ग्लोबल सिटी में आग लगने से 8 दुकानें जलकर खाक, कोई हताहत नहीं

 | 

मुंबई, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पालघर जिले के विरार में ग्लोबल सिटी में स्थित रू-वेन्यू बिल्डिंग में शनिवार को अचानक आग लगने से ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस घटना में दुकानों में रखा सामान और स्टॉक जलने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की छानबीन विरार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह रू-वेन्यू बिल्डिंग के तल मजले में स्थित एक दुकान में आग लगी थी लेकिन देखते ही देखते आग ने आठ दुकानों को अपने घेरे में ले लिया। इस घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस समय मौके पर कुलिंग का काम जारी है।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है। इस घटना में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। आग से हुए नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव