मुंबई के विले पार्ले में 11वीं मंजिल के फ्लैट में भीषण आग, मां-बेटे समेत दो लोगों की मौत, चार घायल
मुंबई, 12 अगस्त (हि.स.)। मुंबई के विले पार्ले पश्चिम स्थित चर्च रोड पर सेंट जेवियर्स स्कूल के पास शांता भवन बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर मंगलवार देर रात आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में 23 वर्षीय महिला और उसका ढाई साल का बेटा शामिल है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। चारों घायलों का इलाज नानावटी अस्पताल में चल रहा है। विले पार्ले पुलिस स्टेशन की टीम घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शांता भवन बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, पुलिस, एंबुलेंस, बिजली आपूर्ति विभाग और बीएमसी वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने 11वीं मंजिल के फ्लैट में फंसे छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। सभी को तत्काल इलाज के लिए नानावटी अस्पताल ले जाया गया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने के बाद भी देर रात तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके।
अस्पताल पहुंचने पर दो को मृत घोषित किया गया
नानावटी अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुग्धा के अनुसार, अस्पताल लाए गए छह लोगों में से दो को भर्ती के दौरान ही मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय अंकिता और उसके ढाई वर्षीय बेटे अबीर के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान 32 वर्षीय पार्थ, 64 वर्षीय हिरेन, यशवंती और अभिषेक के रूप में हुई है। डॉक्टर के मुताबिक, चारों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, शुरुआत में आग को लेवल-1 श्रेणी की घटना बताया गया था। हालांकि, आग की तीव्रता बढ़ने के बाद इसे लेवल-2 की श्रेणी में रखा गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग से करीब 4,000 वर्ग फीट क्षेत्र प्रभावित हुआ। हादसे में बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल उपकरण, एसी, घरेलू सामान, सोफा, बेड, फॉल्स सीलिंग और खाना पकाने के बर्तन समेत फ्लैट में रखा अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, घटना के दौरान सुरक्षा मानकों और आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

