कुर्ला में आग लगने से 5 साल के बच्चे समेत 9 घायल
मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर बिल्डिंग नंबर 5 में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से 5 साल के बच्चे समेत 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल पहुंची और आग पर काबू पा लिया है। इस घटना की छानबीन कुर्ला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुर्ला में 12 मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग में मंगलवार को इलेक्ट्रिक डक्ट की वायरिंग में आग लग गई थी। आग के कारण धुएं की वजह से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस हादसे में नौ लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 4 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। इनमें एक 5 साल का बच्चा भी है। सभी को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई गई है। घायलों की पहचान इशान अहमद (30), मोहम्मद शेख (5), फरीना बोनो (27), एजाज अहमद (65), फरीन शेख (18), नायदा शेख (14), कलिमा साहा (45), अलीना शेख (17) और ज़ाहेद अली शेख (55) के रूप में हुई है। मामले की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

