सातारा में हाईवे पुल पर खड़े टेंपो में लगी आग, बड़ा हादसा टला
मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के सातारा जिले में पुणे-बेंगलुरु हाईवे स्थित उंब्रज पुल पर शुक्रवार दोपहर खड़े एक टेंपो में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई और यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, टेंपो चालक उंब्रज पुल पर वाहन खड़ा कर किसी काम से चला गया था। इसी दौरान टेंपो के इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग इंजन से केबिन और पूरे टेंपो में फैल गई। वाहन से आग की लपटें उठती देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए पास के बैंक और पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाए गए। आग तेजी से फैलने के कारण स्थानीय स्तर पर दो पानी के टैंकर भी मौके पर बुलाए गए। टैंकरों से पानी की बौछार किए जाने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग के कारण पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया। आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल सका है। सातारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

