अंधेरी में एसआरए बिल्डिंग में लगी आग, कोई हताहत नहीं
मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। अंधेरी वेस्ट के गावदेवी डोंगर इलाके में स्थित स्लम रिडेवलपमेंट अथॉरिटी (एसआरए) की यूनाईटेड सोसाईटी नामक बिल्डिंग में शुक्रवार शाम को अचानक आग लग गई। इस घटना की सूचना मिलते ही मुंबई नगर निगम, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। इस घटना में खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मुंबई नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि अंधेरी वेस्ट के गावदेवी डोंगर इलाके में नूर मस्जिद और खोजा जमातखाना के पास यूनाइटेड सोसाइटी में शाम को अचानक लग गई। बिल्डिंग में आग लगने से लोगों में डर का माहौल फैल गया, भागदौड़ शुरू हो गई। लोग चिल्लाने लगे। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से छलांग भी लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। फायर ब्रिगेड, डी. एन. नगर थाने की पुलिस और अडानी इलेक्ट्रिसिटी के कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। इस बीच, आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है, जानकारी सामने आ रही है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस आग की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन नुकसान कितना हुआ है, यह पता लगाने के लिए अब जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

