मुंबई कोस्टल रोड की सुरंग में एक कार में आग लगने से सनसनी
मुंबई, 15 जुलाई (हि.स.)। मुंबई कोस्टल रोड की सुरंग में से गुजर रही एक कार में बुधवार को दोपहर में अचानक आग लगने से सनसनी फैल गई। कुछ ही पलों में आग ने भयंकर रूप ले लिया और पूरी टनल काले धुएं से भर गई। इस घटना की वजह से कोस्टल रोड पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए पूरी तरह से रोक दिया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना की छानबीन मुंबई पुलिस की टीम कर रही है।
मुंबई नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि आज दोपहर में कोस्टल रोड की सुरंग में एक कार में अचानक आग लग गई। टनल बंद होने की वजह से आग का धुआं तेजी से फैल गया। इसकी वजह से ड्राइवरों को आगे की सडक़ दिखाई नहीं दे रही थी और कुछ को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। अचानक हुई इस घटना से टनल में सफर कर रहे नागरिकों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अपनी गाडिय़ां टनल में ही छोड़ दीं और टनल से बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। कर्मचारियों ने अपनी पूरी कोशिश से आग पर काबू पा लिया है । इस घटना में अभी तक किसी के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, कोस्टल रोड जैसे स्टेट-ऑफ-द-आर्ट प्रोजेक्ट में इमरजेंसी सेफ्टी इंतज़ाम, आग से बचाव के तरीके और रेस्क्यू सिस्टम पर फिर से सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन घटना की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आग असल में किस वजह से लगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

