home page

चर्चगेट आयकर ऑफिस में आग लगने से अफरा तफरी, कोई हताहत नहीं

 | 

मुंबई, 17 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के दक्षिण मुंबई के चर्चगेट इलाके स्थित आयकर भवन में सोमवार दोपहर में अचानक आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते आयकर विभाग के निचले मजले के लोग तत्काल इमारत से बाहर निकल गए, जबकि ऊपरी मंजिल के लोग इमारत के टेरेस पर चले गए।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब आठ गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम कर रही हैं। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि आयकर विभाग की सात मंजिला इमारत में लगी आग को नियंत्रित करने और इसे अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकने के लिए फायर ब्रिगेड के जवान प्रयास कर रहे हैं। इस घटना में अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। आयकर भवन में आयकर विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्यालय और यूनिट्स संचालित होते हैं। फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव