कोलाबा में रिहायशी इमारत में आग लगने से हड़कंप, कोई हताहत नहीं
मुंबई, 28 मई (हि.स.)। दक्षिण मुंबई स्थित कोलाबा कॉजवे इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत में गुरुवार को सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप
मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मुंबई नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे शहीद भगत सिंह मार्ग पर ससून डॉक के सामने स्थित 'किस्मत बिल्डिंग' 5वीं मंजिल पर स्थित एक घर में आग लग गई थी। इस घटना की भनक लगते ही बिल्डिंग में खलबली मच गई। बिल्डिंग में रहने वालों ने तत्काल बिल्डिंग खाली कर दिया। साथ ही जिस घर में आग लगी थीं, वहां से एक वृद्ध महिला को भी सुरक्षित बचा लिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। लेकिन घर में बिजली की वायरिंग, बिजली के उपकरण, लकड़ी का फर्नीचर, खाने-पीने का सामान, पर्दे आदि जलकर राख हो गए। इस घटना में करीब 50 वर्षीय एक महिला के दाहिने हाथ की उंगलियां मामूली रूप से झुलस गईं, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। आग लगने के कारणों की छानबीन कोलाबा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

