रायगढ़ जिले के उरन में केमिकल कंपनी में धमाके बाद लगी आग, कोई हताहत नहीं
मुंबई, 18 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के उरन में स्थित लाजिस्टिक पार्क में जेडब्ल्यूआर केमिकल कंपनी में शनिवार को दोपहर में एक धमाके के बाद आग लग गई। इस आग ने आस-पास की दो और कंपनियों को अपने घेरे में ले लिया है। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब ८ गाड़ीयां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। इस घटना में अब तक कोई हताहत नहीं हुआ है।
उरन पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में जेडब्ल्यूआर केमिकल कंपनी में अचानक जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आग लग गई थी। इसकी भनक लगते ही कंपनी में कार कर रहे सभी कर्मचारी में भगदड़ मच गई और सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग ने हिंसक रूप ले लिया और पास के दो और प्लांट में भी धमाके हुए और उन दोनों कंपनियों में भी आग लग गई। इसके बाद तत्काल आस -पास की कंपनियों को खाली करवा लिया गया है। आग बुझाने का प्रयास जारी है लेकिन कंपनी में केमिकल होने की वजह से आग बुझाने में दिक्कत आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

