भुलेश्वर में चार मंजिला इमारत में लगी आग, 10 लोगों को बचाया गया
मुंबई, २५ सितंबर (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शुक्रवार दोपहर मुंबादेवी मंदिर के पास एक चार मंजिला इमारत में आग लग जाने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे इमारत में फंसे १० लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मुंबई नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि भुलेश्वर इलाके में मुंबा देवी रोड पर स्थित भैरूमल हाउस नामक चार मंजिला इमारत में आज दोपहर करीब १.१५ बजे अचानक आग लग गई। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिल्डिंग में फंसे दस लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड ने एक छोटी होज़ लाइन और दो फस्र्ट-एड होज़ लाइनों का इस्तेमाल किया। इन्हें चार मोटर पंपों के जरिए संचालित किया गया। इस घटना में अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है, मामले की छानबीन पायधुनी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

