मुंबई के साकी नाका और महालक्ष्मी में आग लगने से दो लोगों की मौत, चार झुलसे
मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित साकी नाका और महालक्ष्मी इलाके में बुधवार को सुबह अचानक आग लग जाने से दो लोगों की मौत हो गई है और चार लोग झुलस गए हैं। इन दोनों की अलग-अलग जांच जारी है।
मुंबई नगर निगम के अनुसार आज सुबह साकीनाका इलाके के अब्दुल रशीद कंपाउंड में स्थित एक कबाड़ गोदाम में आज तड़के अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने करीब 60 से 70 व्यावसायिक गालों को अपनी चपेट में ले लिया। मुंबई फायर ब्रिगेड जवान मौके पर पहुंचे और आज सुबह तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान अभी नहीं हुई है। उनके शव राजावाड़ी अस्पताल भेजे गए हैं। इस घटना में झुलसे तौफीक शादिल कुरैशी (20), जाहिद अबीदुल्ला कुरैशी (20), कमाल जलालुद्दीन शाह (47) और लालचंद रामलखन गौतम (40) का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में हो रहा है।
महालक्ष्मी में अमर सन्स स्टोर में लगी आग
इसी तरह मुंबई में बुधवार को सुबह करीब आठ बजे महालक्ष्मी इलाके में ब्रीच कैंडी अस्पताल के पास भुलाभाई देसाई रोड स्थित ‘अमर सन्स स्टोर’ में अचानक आग लग गई। बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब 8.01 बजे मिली। दमकल विभाग ने सुबह 8.20 बजे आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। मुंबई में एक ही दिन आग की इन दो घटनाओं के बाद प्रभावित परिसरों में हुए नुकसान के बारे में छानबीन स्थानीय पुलिस की टीम कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

