home page

एफडीए ने धुले में 5,385 किलोग्राम मिलावटी खोवा जब्त किया

 | 

मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्टेशन (एफडीए) की टीम ने गुरुवार को धुले जिले के सकरी रोड पर होटल बालाजी के पास एक ट्रैवेल बस में छापा मारकर 5,385 किलोग्राम मिलावटी खोवा जब्त किया है। यहां बरामद खोवा की कीमत करीब 16.52 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले की गहन छानबीन एफडीए टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे एफडीए के अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम को ट्रैवेल बस में मध्यप्रदेश से मिलावटी खोवा आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर एफडीए की टीम और धुले तहसील पुलिस की टीम ने सकरी रोड पर मोरेन सीमा क्षेत्र में होटल बालाजी के पास निगरानी रखी थी। जैसे ही बताई गई टैवेल बस मौके पर पहुंची , बस की तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड के खोवा और खाद्य पदार्थों का स्टॉक मिला। आगे की कार्रवाई के लिए बस को हाईवे स्थित टोल बूथ के पास डिसन कोल्ड स्टोरेज ले जाया गया। जांच में प्रीमियम हलवा, ब्रजनिधि, गणेश, नंदी, खोडल, श्री ग्वाल, श्री गोकुल, गोपाल, कृष्णा हलवा और मीरा सहित 13 अलग-अलग कंपनियों के मिलावटी खाद्य पदार्थ मिले। मिलावट की आशंका के चलते कुल 5,385 किलोग्राम स्टॉक जब्त कर कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में बस चालक जगदीश मांजी पाटीदार, महेंद्र सिंह पर्वत सिंह राठौड़ और क्लीनर राजकुमार रोशनलाल आचार्य के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीनों अहमदाबाद, गुजरात के रहने वाले बताए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव