महाराष्ट्र: गणेशोत्सव के दौरान एफडीए ने 4,138 किलो मिठाई जब्त की
मुंबई, 15 सितंबर (हि.स)। गणेशोत्सव के दौरान मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यव्यापी अभियान चलाकर 4,138.7 किलो डेयरी और मिठाई उत्पाद तथा 30 लीटर दूध जब्त किया। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों की कीमत करीब 15.58 लाख रुपये बताई गई है।
एफडीए के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जब्त किए गए उत्पादों में खोया, पनीर, घी, पेड़ा, हलवा, श्रीखंड, मक्खन और मिल्क पाउडर समेत अन्य डेयरी और मिठाई उत्पाद शामिल हैं। अभियान के तहत एफडीए ने मुंबई में खाद्य पदार्थों से जुड़े 38 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और जांच के लिए दूध, खोया, घी और मिठाइयों समेत खाद्य पदार्थों के 47 सैंपल लिए गए।
मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते रूहफज़़ा बेकरी, खार पश्चिम, चंद्रूज़ प्योर घी स्वीट्स, फोर बंगलोज, अंधेरी पश्चिम, शर्मा डेयरी एंड फास्ट फूड, फोर बंगलोज, अंधेरी पश्चिम, पंजाबी चंदू हलवाई, ग्रांट रोड पूर्व, श्री नारायण डेयरी, विले पार्ले पश्चिम, गुलशन डेयरी फार्म, खार पश्चिम, त्रिभुवन डेयरी फार्म, घाटकोपर पश्चिम, महावीर काजू एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, घाटकोपर पूर्व , अग्रवाल स्वीट मार्ट, जोगेश्वरी पूर्व आदि दुकानों पर कार्रवाई की गई है। एफडीए ने कोलाबा स्थित कैफ़े मोंडेगर का फूड लाइसेंस भी निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन पाए।
एफडीए ने गणेशोत्सव के दौरान मिठाई, डेयरी उत्पाद, फरसान और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढऩे को देखते हुए खाद्य सुरक्षा जांच और कार्रवाई को तेज किया गया है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि संदिग्ध और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

