home page

पुणे में एफडीए ने 28.40 लाख रुपये का 9.44 टन पनीर और खोवा जब्त किया

 | 

मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सोमवार को पुणे के बावधन, कस्बा पेठ और बिबवेवाड़ी में छापेमारी कर 9,440 किलोग्राम पनीर और खोवा जब्त किया है। जब्त किए गए उत्पादों की कुल कीमत 28,40,800 रुपये बताई गई है। एफडीए के अनुसार, डेयरी उत्पादों को बिना नियंत्रित तापमान के ले जाया जा रहा था और उनका भंडारण भी उचित परिस्थितियों में नहीं किया जा रहा था।

इस मामले की छानबीन कर रहे एफडीए अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि जब्त किए गए स्टॉक में 9,000 किलोग्राम पनीर और 440 किलोग्राम खोवा शामिल है। इनमें बावधन में 9.60 लाख रुपये मूल्य का 3,200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। वहीं, कस्बा पेठ में 9.12 लाख रुपये कीमत का 3,040 किलोग्राम और बिबवेवाड़ी में 8.28 लाख रुपये मूल्य का 2,760 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया है। ये उत्पाद कर्नाटक से पुणे लाए गए थे। एफडीए को आशंका है कि उचित तापमान पर नहीं रखे जाने के कारण ये उत्पाद खाने के लिए असुरक्षित हो सकते हैं। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव