home page

एफडीए ने पुणे में चार ट्रक कथित मिलावटी पनीर जब्त किया

 | 

मुंबई, 12 सितंबर (हि.स.)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए ) की टीम ने पुणे शहर में स्थित बुधवार पेठ में शनिवार को तडक़े छापा मारकर कथित मिलावटी पनीर से भरे चार ट्रकों को जब्त किया है। इस मामले की गहन छानबीन एफडीए टीम कर रही है।

एफडीए के एक अधिकारी ने आज बताया कि उनकी टीम को पुणे के बुधवार पेठ में मिलावटी पनीर आने की जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर उनकी टीम ने चार ट्रक कथित मिलावटी पनीर जब्त किया है। इसके बाद पनीर से संबंधित कागजपत्रों की जांच की गई, जो सही नहीं पाए गए। जिससे इन ट्रकों से पनीर के सैंपल प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।

एफडीए के अधिकारी ने बताया कि गणेशोत्सव से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। गणेशोत्सव के दौरान मिठाइयों, मोदक और पेड़े की मांग बढ़ जाती है। इन खाद्य पदार्थों में खोया और पनीर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। इसी उद्येश्य से यह पनीर पुणे में लाया गया था। एफडीए की टीम इस खेप के स्रोत, आपूर्तिकर्ता और इसे पुणे में कहां-कहां वितरित किया जाना था, इसकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पनीर की यह बड़ी खेप किसी दूसरे राज्य से पुणे लाई गई थी। त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए एफडीए की ओर से शहर में आगे भी जांच अभियान जारी रहने की संभावना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव