home page

फोर्टिस अस्पताल मुलुंड के किचन का लाइसेंस रद्द, एफडीए को मिलीं गंभीर अनियमितताएं

 | 

मुंबई, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मुलुंड स्थित फोर्टिस अस्पताल के किचन का लाइसेंस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए ) ने रद्द कर दिया है। निरीक्षण के दौरान किचन में कॉकरोच, ड्रेनेज में खाने का कचरा, फफूंद लगे फूड ट्रांसपोर्ट कंटेनर और जंग लगे चाकू मिलने के बाद एफडीए ने यह कार्रवाई की है।

एफडीए के एक अधिकारी ने शनिवार को मीडिया को बताया कि एफडीए ने फोर्टिस अस्पताल में मरीजों के लिए भोजन तैयार करने वाली थर्ड-पार्टी फूड सर्विस प्रोवाइडर कंपनी सोडेक्सो इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड किया है। अधिकारियों की यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। मुंबई की अन्य जगहों पर भी स्नष्ठ्र ने कार्रवाई की है

फोर्टिस अस्पताल ने आज प्रेस बयान जारी कर मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है। अस्पताल के मुताबिक, उसने अपने बाहरी फूड सर्विस प्रोवाइडर को निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल ने अपने बयान में कहा, हमने अस्पताल के किचन के संबंध में एफडीए के पत्र पर ध्यान दिया है। इस किचन का संचालन हमारा बाहरी फूड सर्विस प्रोवाइडर करता है, जिसके पास संबंधित फूड बिजनेस लाइसेंस है। हम सुधारात्मक उपायों की समीक्षा के लिए सर्विस प्रोवाइडर के साथ समन्वय कर रहे हैं।

अस्पताल ने यह भी स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा, सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। बयान के अनुसार, मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव