टाइटन घड़ी गिफ्ट करने पर तीन ब्लड सेंटर्स के लाइसेंस सस्पेंड
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने बुधवार को रक्तदान शिविर में डोनर्स को उपहार के तौर पर टाइटन की घडिय़ां देने के मामले में मुंबई के तीन ब्लड सेंटर्स के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।
एफडीए के मुताबिक, यह कदम स्वैच्छिक रक्तदान से जुड़े दिशानिर्देशों के उल्लंघन के चलते उठाया गया है।
इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारी ने बताया कि लाइसेंस रद्द किए ब्लड सेंटर्स में भायखला स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड सेंटर, ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जेजे ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ब्लड सेंटर और मुंबई सेंट्रल स्थित बीवाईएल नायर चैरिटेबल हॉस्पिटल ब्लड सेंटर शामिल हैं।
यह रक्तदान शिविर अप्रैल के आसपास मुंबई के ऑल्टमाउंट रोड पर यंत्र स्टार कमिटी की ओर से आयोजित किया गया था। शिविर के प्रचार में रक्तदाताओं को उपहार के रूप में टाइटन की घडिय़ां देने की बात कही गई थी। नेशनल ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल के स्वैच्छिक रक्तदान संबंधी दिशानिर्देशों के तहत रक्तदाताओं को इस तरह के उपहार या प्रलोभन देना प्रतिबंधित है।
इस मामले की शिकायत मिलने पर एफडीए ने इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन शुरुआत में शिविर के आयोजकों और संबंधित ब्लड सेंटर्स ने उपहार बांटे जाने की जानकारी होने से इनकार किया था। लेकिन जांच के दौरान एफडीए के अधिकारियों ने कुछ रक्तदाताओं से संपर्क किया। इन डोनर्स ने पुष्टि की कि उन्हें शिविर में घडिय़ां मिली थीं। इसके बाद एफडीए ने आज इन सभी का लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि रक्तदान के लिए किसी भी तरह के उपहार या प्रलोभन का इस्तेमाल न किया जाए और संबंधित दिशानिर्देशों का पालन हो। मुंडे ने ब्लड सेंटर्स से लागू कानूनों और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील भी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

