महाराष्ट्र में साफ-सफाई नियम तोड़ने पर 30 से अधिक संस्थानों पर एफडीए की कार्रवाई
मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्योहारों के मद्देनजर 28 से 30 सितंबर के बीच राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मुंबई समेत विभिन्न जिलों में कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए। कार्रवाई में नकली अमूल चीज, गलत लेबल वाली मिठाइयां और घी भी जब्त किया गया। प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के मामले में 18 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
एफडीए के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि आयुक्त तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत मुंबई में 12 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें रेस्तरां, बेकरी, अस्पताल की कैंटीन और खाद्य भंडारण से जुड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं। जांच के दौरान गंदगी, कीड़े-मकौड़े, बिना ढके खाद्य पदार्थ, अनुचित भंडारण, खुले नाले, कचरा और आवश्यक खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड नहीं रखने जैसी कमियां सामने आईं हैं।
मुंबई में कार्रवाई की सूची में खार पश्चिम का अन्नदाता आहार केंद्र, गिरगांव की न्यू इंग्लिश बेकरी, मजगांव की सेंट फिलोमेना बेकरी, सायन-कोलीवाड़ा और सेवरी के ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, बोरीवली पश्चिम की राधा कृष्ण ईटरी और बीकेसी के पी.आर. जेना कैटरर्स समेत अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। अन्नदाता आहार केंद्र में पानी जमा होने के साथ मक्खियां और चींटियां मिलीं तथा कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कैप के काम कर रहे थे। न्यू इंग्लिश बेकरी में आटा जमीन पर रखे पैन में भरा जा रहा था और तैयार उत्पाद खुले में रखे थे। सेंट फिलोमेना बेकरी में कर्मचारी जमीन पर बैठकर काम कर रहे थे और खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाले बर्तनों में अखबार का इस्तेमाल किया जा रहा था।
कोंकण डिवीजन में ठाणे और रायगढ़ के 12 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र निलंबित किए गए। ठाणे में नौ और रायगढ़ में तीन प्रतिष्ठान कार्रवाई की जद में आए। वहीं, पुणे डिवीजन में छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें पुणे के साईं प्रसाद वेज, मानस फैमिली रेस्टो एंड लाउंज, होटल मालाज, नवाले हॉस्पिटैलिटी, शिरूर का होटल राजपूत और बारामती का जेके चाइनीज शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

