home page

एफडीए ने ज़ेप्टो और बृजवासी का लाइसेंस रद्द किया

 | 

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने सोमवार को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुंबई के भांडुप स्थित ज़ेप्टो की फैसिलिटी और मलाड वेस्ट के बृजवासी ईटरी के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एफडीए अधिकारी ने आज बताया कि त्योहारों के मौसम में राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान के तहत विभाग ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत ज़ेप्टो लिमिटेड की भांडुप स्थित फैसिलिटी का निरीक्षण किया। यह परिसर गोपाल एस्टेट में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर स्थित है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का लाइसेंसिंग और पंजीकरण) विनियम, 2011 के शेड्यूल 4 के तहत साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) और संबंधित विनियमों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इसी तरह की कार्रवाई में मलाड वेस्ट में बृजवासी नाम से संचालित कृष्णम रिटेल्स का भी निरीक्षण किया गया। जांच में ऐसी खामियां सामने आईं, जिनसे सार्वजनिक स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(1) और 32(3) के तहत प्रतिष्ठान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। एफडीए की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री और वितरण पर रोक लगाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव