जलगांव में पिता ने सोए दाे बच्चों पर कुल्हाड़ी से किया हमला, बेटी की मौत, बेटा गंभीर
मुंबई, 02 अगस्त , (हि.स.)। महाराष्ट्र के जलगांव जिले रविवार सुबह एक पिता ने कथित तौर पर अपने ही दो मासूम बच्चों पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में 13 वर्षीय मीरा सुभाष भिलाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय रामू सुभाष भिलाला गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल रामू का अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना में अडावद पुलिस स्टेशन की टीम ने आरोपित पिता सुभाष गोपाल भिलाला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह जलगांव जिले के चोपड़ा तहसील स्थित वडती गांव में आरोपित ने अपने बच्चों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर जंगल की ओर फरार हो गया था। लेकिन गांववालों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी, जिससे तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और इस घटना में मृत पाई गई मीरा का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि बेटे राजू की हालत चिंताजनक थी और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने तत्काल जंगल में छिपे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और मामले की छानबीन में जुट गई है। इस मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मामला पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे चोपड़ा तहसील में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। इसके बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

