मुख्यमंत्री ने छत्रपति तारारानी पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स का किया उद्घाटन
मुंबई, 09 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कोल्हापुर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए महाराष्ट्र राज्य पुलिस आवास कल्याण निगम द्वारा निर्मित छत्रपति तारारानी पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि पुलिस मुख्यालय परिसर में बनाए गए इस आवासीय प्रोजेक्ट में 18 मंजिला दो इमारतें शामिल हैं। प्रत्येक इमारत में 102 फ्लैट हैं, यानी कुल 204 आवास बनाए गए हैं। इस परियोजना पर करीब 71 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च हुए हैं और इसका कुल निर्माण क्षेत्र 24,101 वर्ग मीटर है। पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए इस परिसर में आधुनिक सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। इमारत की छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित की गई है। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अग्निशमन प्रणाली जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कोल्हापुर के पालकमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबितकर, मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल, कोल्हापुर क्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा, जिला कलेक्टर डॉ. विजय राठौड़ और जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

