home page

मुंबई में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर व्यापारी के यहां छापा मारने वाले 6 गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 06 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के अंधेरी इलाके में खुद को इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक व्यापारी के ऑफिस में नकली छापा डालने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर एक करोड़ रुपये मांगने वाले गिरोह के छह आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन अंधेरी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपितों ने अंधेरी ईस्ट स्थित व्यापारी के ऑफिस में पहुंचकर खुद को इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच अधिकारी बताया। इसके बाद आरोपितों ने अपने फर्जी पहचान पत्र दिखाकर ऑफिस में तलाशी ली और कार्रवाई करने की धमकी दी। इसके बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपितों ने व्यापारी से पर एक करोड़ रुपये की मांग की।

इस घटना के बाद व्यापारी ने अंधेरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संतोष उदय खोपटकर (37), विनय रमेश मोरे (37), प्रेम किसन सबनानी (50), प्रज्ञा हरीश मेन (27), रेशमा शामराव वारंग (41) और सबीना हफीज शेख (48) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इसी तरह मुंबई में और कितनी जगहों पर नकली रेड डालकर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश की है। इस मामले में आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव