अहिल्यानगर में 12.40 लाख रुपये के नकली नोट बरामद, आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 03 अगस्त, (हि.स.)। अहिल्यानगर जिले के संगमनेर शहर में सोमवार को पुलिस ने 12 लाख 40 हजार रुपये के नकली नोट सहित एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। संगमनेर पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले में तीन अन्य आरोपितों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
संगमनेर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक समीर वरावकर ने बताया कि शहर में एक कार संशयित अवस्था में घुम रही थी। इसकी जानकारी शहर के नागरिकों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संगमनेर शहर पुलिस ने वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए और चालक मयूर किशोर सिद्धपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित नकली नोटों की खेप संगमनेर में एक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। कार में बरामद नकली नोट ब बेहद सुनियोजित तरीके से रखे गए थे। नोटों के प्रत्येक बंडल में ऊपर और नीचे असली नोट रखे गए थे, जबकि बीच में नकली नोट रखे गए थे ताकि लेन-देन के दौरान किसी को संदेह न हो। संगमनेर सिटी पुलिस स्टेशन की टीम फरार आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि जांच में इस नकली नोट रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

