home page

पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे सहित राकांपा एसपी के सैकड़ों पदाधिकारी भाजपा में शामिल

 | 

मुंबई, 30 मई (हि.स.)। पूर्व राज्य मंत्री प्राजक्त तनपुरे के नेतृत्व में अहिल्यानगर जिला के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एसपी) के सैकड़ों पदाधिकारी शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सभी का स्वागत किया और कहा कि सभी का उचित सम्मान रखा जाएगा।

मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पक्ष प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भाजपा में शामिल होने वाले प्राजक्त तनपुरे वर्ष 2019 में राहुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद तनपुरे महाविकास आघाड़ी सरकार में राज्यमंत्री भी थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चव्हाण ने कहा कि राहुरी विधानसभा क्षेत्र के हाल ही में हुए उपचुनाव के दौरान उनकी और उनके सहयोगियों की प्राजक्त तनपुरे से चर्चा हुई थी। उस समय तनपुरे ने क्षेत्र के तीनों तहसीलों की महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की थी। तनपुरे को जनता की समस्याओं की गहरी समझ है और उन्होंने वर्षों तक समाज के विभिन्न वर्गों के साथ काम किया है। जिस विश्वास के साथ उन्होंने भाजपा में प्रवेश किया है, उस विश्वास को कायम रखा जाएगा और भाजपा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

प्राजक्त तनपुरे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और जिले के पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील के माध्यम से क्षेत्र में बिजली, कृषि और पानी से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी भविष्य में जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे वे पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निभाएंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता विजय चौधरी, डॉ. सुजय विखे पाटील, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन तथा मीडिया विभाग प्रमुख गोविंद येतयेकर सहित कई नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव