राजकीय सम्मान के साथ हुआ पूर्व राज्यपाल डॉ. डी. वाई. पाटिल का अंतिम संस्कार
मुंबई, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रख्यात शिक्षाविद और पूर्व राज्यपाल पद्मश्री डॉ. ज्ञानदेव यशवंतराव (डी.वाई.) पाटिल का बुधवार शाम को कोल्हापुर के कस्बा बावड़ा स्थित पैविलियन ग्राउंड में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र एवं डी. वाई. पाटिल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन संजय पाटिल तथा छोटे पुत्र, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य सतेज पाटिल ने मुखाग्नि दी। इस दौरान हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
90 वर्षीय डॉ. पाटिल का मंगलवार को निधन हो गया था। अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए कस्बा बावड़ा स्थित उनके आवास 'यशवंत' में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राज्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, जिले के संरक्षक मंत्री प्रकाश आबितकर और हसन मुश्रीफ, सांसद श्रीमंत शाहू छत्रपति तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल सहित अनेक राजनीतिक नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। राज्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया। श्रद्धांजलि के बाद डॉ. पाटिल की अंतिम यात्रा उनके आवास से पैविलियन ग्राउंड तक निकाली गई। पूरे मार्ग में सैकड़ों समर्थकों और नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। पैविलियन ग्राउंड में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। अंतिम संस्कार में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, मंत्री, विधायक और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

