home page

2047 तक विकसित भारत के विजन में हर नागरिक का योगदान जरूरी : रवींद्र चव्हाण

 | 

मुंबई, 15 अगस्त(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शनिवार को नागरिकों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

रवींद्र चव्हाण स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन का उल्लेख करते हुए नागरिकों से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ग्रीन एनर्जी और ब्लू एनर्जी के क्षेत्रों में भारत को आगे ले जाने पर विशेष जोर दिया है। अंतरिक्ष, विज्ञान, रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और अपनी क्षमताओं को लगातार विस्तार दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं को यह विचार करना चाहिए कि वे राष्ट्र की विकास यात्रा में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं। देश की प्रगति ने विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों के लिए राष्ट्र-निर्माण में सार्थक भूमिका निभाने के नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने लोगों से विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं विधायक निरंजन डावखरे, प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्याय, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी रवींद्र अनासपुरे, सह-प्रभारी विश्वास पाठक, पार्षद कमलाकर दलवी, रीता मकवाना और अतुल शाह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव